AI/Deepfake
फैक्ट चेक: क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ पूजा पर ‘मुफ़्त बाइक योजना’ की घोषणा की है?
Claim
प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा पर ‘मुफ़्त बाइक योजना’ की घोषणा की है.
Fact
पीएम मोदी ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. वायरल दावा फर्जी है.
Claim
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ पूजा के मौके पर एक विशेष सरकारी योजना के तहत नागरिकों के लिए ‘मुफ़्त बाइक योजना’ की घोषणा की है.

Fact
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने इंटरनेट पर “पीएम नरेंद्र मोदी मुफ्त बाइक योजना छठ पूजा” कीवर्ड्स को सर्च किया. इस दौरान दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। हमने केंद्र सरकार के MyScheme पोर्टल और पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की आधिकारिक वेबसाइट को भी खंगाला, लेकिन हमें इस कथित योजना के बारे में कोई प्रमाणिक जानकारी नहीं मिली.
वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर स्पष्ट होता है कि इसमें मौजूद ऑडियो और वीडियो के बीच कोई तालमेल नहीं है. इससे हमें यह शक हुआ कि ये वीडियो एडिटेड या फिर AI जेनरेटेड हो सकता है.
पढ़ें- क्या बिहार चुनाव में अभिनेता सोनू सूद ने खेसारी लाल यादव का समर्थन किया?
इसके बाद हमने वीडियो में मौजूद ऑडियो को डीपफेक डिटेक्शन टूल Hiya Deepfake Detector से जांचा. इस टूल ने ऑडियो के AI से बने होने की सम्भावना जताई. इसके अलावा, हमने इसे डीपफेक-ओ-मीटर से भी जांचा, जिसने इस वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए. Resemble Deepfake Detector ने भी वीडियो में मौजूद ऑडियो को फेक बताया.

वायरल पोस्ट में मौजूद पीएम मोदी के वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर हमें प्रधानमंत्री मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 27 सितंबर, 2025 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला. इस वीडियो में प्रधानमंत्री देश में अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों को लागू करने की बात कर रहे हैं. 21 सितंबर, 2025 के उनके इस संबोधन में हमें किसी भी मुफ्त बाइक योजना का जिक्र नहीं मिला.
इस तरह हमारी पड़ताल में यह स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा पर ‘मुफ़्त बाइक योजना’ जैसी कोई घोषणा नहीं की है.
Sources
Hiya Deepfake Detector
Resemble Deepfake Detector
Deepfake-o-meter
Youtube video, PM Narendra Modi, September 27, 2025