Tuesday, December 9, 2025

Bihar Assembly Election 2025

फैक्ट चेक: क्या बिहार में चुनावी भाषण के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी पर साधा निशाना? जानें सच

Written By Runjay Kumar, Edited By JP Tripathi
Oct 23, 2025
banner_image

Claim

image

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो अपना परिवार नहीं संभाल सकते हैं, वो बिहार क्या संभालेंगे.

Fact

image

रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी पर नहीं, बल्कि विरोधियों पर निशाना साधते हुए यह बयान दिया था.

सोशल मीडिया पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक वीडियो इस दावे से शेयर किया जा रहा है कि उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो अपना परिवार नहीं संभाल सकते हैं, वो बिहार क्या संभालेंगे.

हालांकि, हमने अपनी जांच में पाया कि क्रॉप्ड वीडियो गलत दावे से वायरल है. लंबे वीडियो में उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए यह बयान दिया था.

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राज्य की 243 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग होगी. पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. मतगणना 14 नवंबर को होगी. इस चुनाव में भाजपा-जदयू के नेतृत्व वाली एनडीए, कांग्रेस-राजद के नेतृत्व वाली महागठबंधन और प्रशांत किशोर के जनसुराज के बीच मुख्य टक्कर है.

वायरल वीडियो 17 सेकेंड का है, जिसमें रेखा गुप्ता एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान यह कहती हुई नजर आ रही हैं कि “अरे जो अपना परिवार नहीं संभाल पाए वो क्या बिहार को संभालेंगे? अपना परिवार संभाल नहीं पाए. संभाल नहीं सकते तो बिहार की बागडोर मजबूत हाथों में देनी है”. वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और जशोदाबेन की भी तस्वीर मौजूद है.

एक्स पोस्ट के कैप्शन में लिखा हुआ है, “रेखा गुप्ता इस तरह PM मोदी पर टिप्पणी नहीं कर सकती हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं”.

पीएम मोदी पर निशाना
Courtesy: X/@WithCongress

Fact Check/Verification

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पीएम मोदी पर निशाना साधे जाने के दावे से वायरल वीडियो की पड़ताल में हमें समाचार एजेंसी एएनआई के यूट्यूब अकाउंट से 15 अक्टूबर 2025 को लाइव किया गया वीडियो मिला. यह वीडियो बिहार के बिहार शरीफ में रेखा गुप्ता द्वारा दिए गए भाषण का था. 

हालांकि, करीब 7 घंटे लंबे वीडियो में रेखा गुप्ता का भाषण करीब 13 मिनट का ही था. वीडियो में हमें करीब 10 मिनट से वायरल वीडियो वाला हिस्सा मिला.

वीडियो के पहले और बाद के हिस्से को सुनने पर हमने पाया कि रेखा गुप्ता कह रही थीं कि “बिहार में जो प्रगति है ये रुकनी नहीं चाहिए. आगे बढ़नी चाहिए. यह जितने काम हो रहे हैं बिहार में आपको मैं बताना चाहती हूं मोदी जी जब से प्रधानमंत्री बने हैं कितना बजट दिया बिहार को, 15 लाख करोड़ का बजट दिया. 15 लाख करोड़ का. कितना बड़ा काम किया मोदी जी ने कि बिहार जो वर्षों से अंधेरे में था और गरीबी, बेरोजगारी, अराजकता, अपराध इन सबके तंत्र में छिपा हुआ, ढका हुआ, दबा हुआ था. उसको मोदी जी ने हाथ पकड़ के बाहर निकाला. नीतीश जी ने सहारा दिया और आज बिहार का युवा, आज बिहार की महिला, आज मेरे बिहार का भाई मजबूत रूप में खड़ा है”.

आगे वे कहती हैं कि “यह वो लोग हैं जो भ्रष्टाचार नहीं करते. अपने ऊपर ध्यान नहीं देते. अपने परिवार की चिंता नहीं करते. ये चिंता करते हैं जनता की. गरीब जनता का काम करते हैं. गरीब जनता के साथ खड़े होते हैं. अरे जो अपना परिवार नहीं संभाल पाए वो क्या बिहार को संभालेंगे? अपना परिवार संभाल नहीं पाए. संभाल नहीं सकते तो बिहार की बागडोर मजबूत हाथों में देनी है. वो मजबूत हाथ जो वर्षों से आपका ध्यान रख रहे हैं और वर्षों तक आपकी सेवा में कार्यरत रहेंगे. ऐसे अपने भाइयों को चुनें, ऐसा आशीर्वाद दें कि बिहार की प्रगति के सितारे बुलंद ही बुलंद हों. बुलंद होंगे ना?”

इसके अलावा, हमें एनबीटी बिहार झारखंड के यूट्यूब अकाउंट से भी 15 अक्टूबर 2025 को लाइव किया रेखा गुप्ता के भाषण का वीडियो मिला. इस वीडियो में भी हमें करीब 8 मिनट से वायरल वीडियो वाला हिस्सा मिला. अपने भाषण के दौरान वह विरोधी दलों पर निशाना साधती नजर आती हैं. 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को बिहार सरकार में मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने बिहार शरीफ विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया. नामांकन के बाद सोहसराय के किसान कॉलेज में आमसभा का आयोजन किया गया था और इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं थीं. इस दौरान उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया था.

Conclusion

हमारी जांच में मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पीएम मोदी पर निशाना साधे जाने के दावे से वायरल यह वीडियो असल में क्रॉप किया गया है. लंबे वीडियो में रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की प्रशंसा की थी.

Our Sources
Video streamed by ANI on 15th October 2025
Video streamed by NBT Bihar-Jharkhand on 15th October 2025

फैक्ट-चेक और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारा WhatsApp चैनल फॉलो करें: https://whatsapp.com/channel/0029Va23tYwLtOj7zEWzmC1Z

RESULT
imageMisleading
image
यदि आप किसी दावे का सच जानना चाहते हैं, किसी तरह की प्रतिक्रिया देना चाहते हैं या हमारे किसी फैक्ट चेक को लेकर शिकायत दर्ज करना चाहते हैं, तो हमें +91-9999499044 पर व्हाट्सएप या checkthis@newschecker.in​. पर ईमेल करें. आप हमारे Contact Us पेज पर जाकर वहाँ मौजूद फॉर्म भी भर सकते हैं.
Newchecker footer logo
ifcn
fcp
fcn
fl
About Us

Newchecker.in is an independent fact-checking initiative of NC Media Networks Pvt. Ltd. We welcome our readers to send us claims to fact check. If you believe a story or statement deserves a fact check, or an error has been made with a published fact check

Contact Us: checkthis@newschecker.in

20,439

Fact checks done

FOLLOW US
imageimageimageimageimageimageimage