Bihar Assembly Election 2025
फैक्ट चेक: क्या ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार सीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं? जानें सच
Claim
केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार सीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं।
Fact
ललन सिंह का 3 साल पुराना वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
Claim
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार सीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं। फेसबुक पोस्ट का आर्काइव यहां देखें। ऐसे अन्य पोस्ट्स यहां और यहां देखें।

Fact
बिहार में चल रहे आखिरी चरण के मतदान के बीच सोशल मीडिया पर जेडीयू नेता ललन सिंह का एक वीडियो वायरल है। वीडियो के जरिए दावा किया गया है कि उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं। कीवर्ड्स के जरिए खोजने पर हमें कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें ललन सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर इस तरह की बात की हो। कीफ्रेम्स और कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें एनडीटीवी की वेबसाइट पर 2 सितंबर 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली।
इस रिपोर्ट में ललन सिंह का यह वीडियो भी मौजूद है। इस वीडियो की शुरुआत में ही वायरल वीडियो वाला हिस्सा देखा जा सकता है। वीडियो से शुरूआती शब्द “प्रधानमंत्री” को हटाकर इसे गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में ललन सिंह पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहते हैं, “प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नीतीश कुमार जी नहीं हैं, नहीं है, नहीं हैं।” इसके बाद ललन सिंह पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहते हैं कि वह भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं।
पढ़ें- बिहार चुनाव के बीच कुशवाहा जाति के घर पर भूमिहारों ने किया हमला?
खोजने पर हमें 2 सितंबर 2022 को ANI के एक्स हैंडल से पोस्ट किए गए ट्वीट में ललन सिंह का यह बयान मिला, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार पीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं। सितंबर 2022 में ललन सिंह के इस बयान पर कई मीडिया संस्थानों ने रिपोर्ट्स प्रकाशित की थीं, जिन्हें यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। गौरतलब है कि सितंबर 2022 में जेडीयू महागठबंधन का हिस्सा थी और ललन सिंह जेडीयू के अध्यक्ष थे। इस वीडियो का हालिया बिहार विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
हमारी पड़ताल में मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट है कि ललन सिंह का 3 साल पुराना वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। नीतीश कुमार की सीएम पद की उम्मीदवारी को लेकर ललन सिंह ने फिलहाल ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
Sources
Report NDTV on Sep 2, 2022
X Post ANI On Sep 2, 2022
Report Aajtak on Sep 2, 2022
Report Zee News on Sep 2, 2022