Claim
बरेली के विधायक रमेश मिश्र की बेटी साक्षी द्वारा दलित युवक अजितेश से शादी करने के बाद यह मुद्दा मीडिया की सुर्ख़ियों में रहा। कई समाचार माध्यमों ने अजितेश के चरित्र को लेकर भी सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया में आजकल एक वीडियो इस आशय के साथ शेयर किया जा रहा है कि ये साक्षी के पति अजितेश हैं।
Verification
सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। अभद्रता और गाली-गलौज करता हुआ एक व्यक्ति कुछ लोगों को धमकी देता नज़र आ रहा है। वीडियो में कैप्शन के साथ दावा किया जा रहा है कि यह साक्षी का पति अजितेश है।
फेसबुक पर इस वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और हज़ारों बार शेयर भी किया गया है। एक अन्य फेसबुक यूजर राजेश लाठर ने भी साक्षी का पति बताते हुए इस वीडियो को शेयर किया है। उनके मुताबिक़, ” ये हैं साक्षि मिश्रा के पति कमजोर और निहायत सीधे साधे इंसान जो डर के मारे थर थर कांप रहे हैं। अरे हाँ
एक बात तो भूल ही गया ये दलित भी हैं।
भगवान ऐसा पति उन सबकी बेटियों को दे जिसको ये नेक दिल इंसान लगते हैं!!
शुभकामनाएं……
चेतावनी 18+ एयर फोन लगा कर सुने बहन बेटी इस वीडियो को ना देखें।
एक अन्य फेसबुक यूजर राजपूत करनी सेना ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। इस पेज पर वायरल वीडियो को करीब 75 हज़ार बार देखा गया है। इसमें भी दावा किया गया है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति साक्षी का पति है।
वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खुद को सपा का नेता और अखिलेश का सिपाही होने की बात कर रहा है। उसके आस-पास पुलिस के कुछ लोग भी नज़र आ रहे हैं। इसके अलावा वह किसी पुलिस वाले को भी गाली देता नज़र आ रहा है। उसकी शक्ल की बात करें तो चेहरा कुछ हद तक अजितेश से मेल करता है। हालांकि सपा का सिपाही होने का दावा करने वाले इस व्यक्ति की हकीकत जानने के लिए गूगल खंगालना आरम्भ किया। इस दौरान कई ख़बरें खुलकर सामने आने लगी।
खोज के दौरान एक वीडियो मिला जो सितम्बर 2018 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया है। इस वीडियो में बताया गया है कि गाली-गलौज कर रहा व्यक्ति सपा नेता वैभव गंगवार है। गौरतलब है कि अजितेश और साक्षी की शादी की चर्चा अभी हाल में ही मीडिया की सुर्खियां बनी थी। यह वीडियो उनकी शादी से काफी पहले का है।
खबर की पुष्टि के लिए बारीकी से खोज जारी रखी। इस बीच
जनसत्ता समाचार का एक लेख प्राप्त हुआ। इस लेख में साफ किया गया है कि सपा युवजन सभा बरेली इकाई के अध्यक्ष वैभव गंगवार ने बरेली के किला थाने में इंस्पेक्टर के सामने एक सिपाही को भद्दी-भद्दी गालियां दी थी। हालांकि वीडियो वायरल हो जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया था।
हमारी पड़ताल में यह साफ हो गया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति साक्षी का पति अजितेश नहीं है।
Tools Used
- InVID
- Facebook Search
- YouTube
- Google Reverse Image
- Google Keywords
Result
False