Fact Check
हाथरस मामला: राहुल गांधी ने पुलिसकर्मी का कॉलर नहीं पकड़ा, भ्रामक दावा वायरल

तस्वीरें अक्सर भ्रमित करती हैं। कई बार जो तस्वीर जैसी दिखती है वैसी होती नहीं है। ऐसी ही एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर हो रही है। तस्वीर गुरुवार को कांग्रेस और यूपी पुलिस के बीच हुई झड़प की है। जिसे देखकर लग सकता है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा है। फ़ेसबुक-ट्विटर पर भी कुछ ऐसा ही दावा किया जा रहा है।
न्यूज़चेकर को नीलकांत बक्शी द्वारा इस तस्वीर पर टैग किया गया है।
Fact Check/Verification
उत्तर प्रदेश के हाथरस में 20 साल की लड़की के तथाकथित गैंगरेप और हत्या के बाद से ही पूरे देश में ग़ुस्से का माहौल है। गुरुवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें नोएडा में ही रोक लिया जिसके बाद उन्होंने पैदल ही अपनी यात्रा शुरु कर दी।
पुलिस वाले लगातार उन्हें आगे बढ़ने से रोकते रहे। इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। धक्का मुक्की में राहुल गांधी नीचे गिर गए। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने उनका कॉलर पकड़ा और उनके साथ बदतमीजी की।
सोशल मीडिया पर लोगों का आरोप है कि राहुल गांधी ने पहले पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा था। हमने उस तस्वीर को ध्यान से देखा जिसे शेयर किया जा रहा है।

इसके बाद हमने इस झड़प के कई वीडियो देखे:
TV9 की रिपोर्टर सुप्रिया भारद्वाज ने भी इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया था।
सुप्रिया ने TV9 पर इस घटना की लाइव रिपोर्टिंग का भी वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है जिसे नीचे देखा जा सकता है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि राहुल गांधी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें पुलिस द्वारा बार-बार रोका जा रहा है।
वीडियो को देखने के बाद साफ़ होता है कि राहुल गांधी ने पुलिसकर्मी का कॉलर नहीं पकड़ा था बल्कि वो उन्हें उनके सामने से हटाने की कोशिश कर रहे थे। नीचे इस वीडियो को फ्रेम्स में देखा जा सकता है।




Conclusion
हाथरास जाने के दौरान पुलिसकर्मियों से भिड़े पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की एक तस्वीर भ्रामक दावे के साथ शेयर हो रही है। घटना का वीडियो देखने के बाद यह साफ हो जाता है कि राहुल गांधी ने पुलिसकर्मी का कॉलर नहीं पकड़ा था।
Result: Misleading
Our Sources
Twitter Handle: https://twitter.com/Supriya23bh/status/1311590534335479808?s=20
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in