सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत का अभिन्न अंग बताया है।
एक फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “#भारतीय दरबारी मीडिया आपको ये नहीं दिखायेगी. पुतिन ने PoJKL को भारत का हिस्सा बताया। राष्ट्रपति पुतिन ने गिलगिट प्रांत के मुद्दे पर सिक्योरिटी काउंसिल में विटो इस्तेमाल करने की घोषणा की।रूसी मंत्रिमंडल ने गिलगित प्रांत पर सीनेट प्रस्ताव के लिए BAP की निंदा की।पाकिस्तान को प्रस्ताव वापस लेने और गिलगित को भारत को सौंपने को कहा।”
(उपरोक्त कैप्शन को अक्षरश: लिखा गया है।)
एक अन्य फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा. “भारतीय दरबारी मीडिया आपको ये नहीं दिखायेगी..पुतिन ने PoJKL को भारत का हिस्सा बताया। राष्ट्रपति पुतिन ने गिलगिट प्रांत के मुद्दे पर सिक्योरिटी काउंसिल में विटो इस्तेमाल करने की घोषणा की। रूसी मंत्रिमंडल ने गिलगित प्रांत पर सीनेट प्रस्ताव के लिए BAP की निंदा की। पाकिस्तान को प्रस्ताव वापस लेने और गिलगित को भारत को सौंपने को कहा।”
(उपरोक्त कैप्शन को अक्षरश: लिखा गया है।)
(उपरोक्त ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है।)
रूस द्वारा यूक्रेन में शुरू किये गए हमले के एक दिन पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने रूस का दौरा किया था। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान को ऊर्जा के क्षेत्र में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इन दिक्कतों को दूर करने के लिए पाकिस्तान को रूस से ऊर्जा सुरक्षा में मदद की दरकार है। वहीं, कई जानकारों ने ऐसे समय में इमरान खान के रूस दौरे पर भी सवाल उठाए हैं। दूसरी तरफ बीते 9 फरवरी को इमरान खान की कैबिनेट ने सेंदक कॉपर-गोल्ड प्रोजेक्ट के लिए पाकिस्तान और चीन की कंपनी के बीच लीज को 15 वर्षों के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी थी।
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन का आरोप है कि बलूचिस्तान में विभिन्न योजनाओं पर काम कर रहे चीनी कामगारों के ऊपर कई हमले हुए हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत का अभिन्न अंग बताया है।
Fact Check/Verification
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत का अभिन्न अंग बताया है, दावे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता जांचने के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इस दौरान हमें वीडियो के फ्रेम में दाहिनी तरफ ऊपरी हिस्से में ‘Poccnr24’ लिखा नज़र आया। ‘Poccnr24‘, जिसे ‘Russia 24’ भी कहा जाता है, ये रूसी भाषा में प्रसारित होने वाला एक सरकारी समाचार चैनल है। हमने रूसी भाषा में कीवर्ड डालकर ‘Poccnr24’ के यूट्यूब चैनल पर सर्च करना आरंभ किया। इस दौरान हमें Poccnr चैनल द्वारा 28 फरवरी 2022 को अपलोड किया गया एक वीडियो प्राप्त हुआ।
प्राप्त वीडियो के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिम देशों को झूठ का साम्राजय बताया है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन अपने देश पर लगाए गए भंयकर प्रतिबंधों के बारे में सरकारी अधिकारियों से बात कर रहे थे, लेकिन इस दौरान पुतिन ने कहीं भी पाकिस्तान या या गिलगित-बाल्टिस्तान का जिक्र नहीं किया। Poccnr 24 द्वारा अपलोड किए गए वीडियो में वायरल वीडियो का अंश देखा जा सकता है, लेकिन Poccnr के इस वीडियो में कहीं भी अंग्रेजी में सबटाइटल नहीं लिखा हुआ है।
पड़ताल के दौरान हमें The Guardian के यूट्यूब पर 27 फरवरी, 2022 को अपलोड किया गया एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नाटो देशों द्वारा दिए गए ‘आक्रामक बयान’ के जवाब में देश की परमाणु ताकतों को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। The Guardian द्वारा अपलोड किए गए 0:47 सेकेंड के इस वीडियो में राष्ट्रपति पुतिन ने कहीं भी पाकिस्तान या गिलगित-बाल्टिस्तान का जिक्र नहीं किया है।
पुतिन द्वारा परमाणु ताकतों को हाई अलर्ट रखने का आदेश देने की बात को रूस के सरकारी मीडिया हाउस Russian Television (RT) समेत कई मीडिया संस्थानों द्वारा प्रकाशित किया गया, लेकिन इन रिपोर्ट्स में कहीं भी पुतिन ने पाकिस्तान या गिलगित-बाल्टिस्तान का जिक्र नहीं किया है।
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में साफ है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत का अभिन्न अंग बताया है, दावे के साथ वायरल वीडियो में अंग्रेजी के सबटाइटल को एडिट किया गया है। पुतिन ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
Result: Manipulated/Altered Media
Our Sources
Poccnr 24 Russian News Channel Youtube
Russian Television Youtube Channel
Self Analysis
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: [email protected]