Bihar Assembly Election 2025
बिहार चुनाव 2025: क्या भाजपा की रैली में गुस्साए लोगों ने तोड़ दी कुर्सियां? जानें सच
Claim
बिहार में भाजपा की रैली में लोगों ने गुस्से में आकर कुर्सियां तोड़ दी.
Fact
यह तस्वीर पांच साल पुरानी है.
सोशल मीडिया पर एक सभा में टूटी कुर्सियों की एक तस्वीर इस दावे से शेयर की जा रही है कि बिहार में भाजपा की रैली में लोगों ने गुस्से में आकर कुर्सियों को तोड़ दिया.
हालांकि, हमने अपनी जांच में पाया कि यह तस्वीर 26 अक्टूबर 2020 की है, जब बेलहर के तत्कालीन एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में दिनेश लाल यादव निरहुआ प्रचार करने पहुंचे थे. इसी दौरान भीड़ ने कुर्सियां तोड़ी थी.
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राज्य की 243 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग होगी. पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. मतगणना 14 नवंबर को होगी. इस चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और प्रशांत किशोर के जनसुराज के बीच मुख्य टक्कर है. ये सभी पार्टियां धुआंधार प्रचार कर रही हैं.
वायरल तस्वीर में एक मंच के पास कई कुर्सियां टूटी हुई दिख रही हैं. इस दौरान मंच पर लगे एक पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कई अन्य नेताओं की तस्वीर भी मौजूद है.
एक्स पोस्ट में लिखा गया है, “बिहार में भाजपा रैली खत्म होने के बाद लोगों का गुस्सा क्यों कुर्सी उतारा !? पर इस इस्तिथी नजर आया और आप देख सकते हैं। कितना आक्रोश है बिहार की जनता में अगर फिर भी चुनाव जीत गए तो चुनाव आयोग का बहोत बड़ा योगदान रहेगा बीजेपी को”.

Fact Check/Verification
बिहार में भाजपा की रैली में लोगों द्वारा गुस्से में आकर कुर्सियां तोड़े जाने के दावे से वायरल इस तस्वीर की पड़ताल के दौरान, रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें 26 अक्टूबर 2020 को किए गए एक फेसबुक पोस्ट में यह तस्वीर मिली. तस्वीर के साथ मौजूद कैप्शन में लिखा हुआ था, “नीतीश कुमार का प्रचार करने आए निरहुआ का बिहार मे इस प्रकार हुआ स्वागत. आज बांका जिला के बेलहर मे जदयू प्रत्याशी मनोज यादव के चुनाव प्रचार करने आए निरहुआ के जनसभा की तस्वीर”.

इसके अलावा, यह तस्वीर हमें एक अन्य फेसबुक अकाउंट से 26 अक्टूबर 2020 को शेयर किए गए एक पोस्ट में मिली. तस्वीर के साथ मौजूद कैप्शन में इसे बांका जिले के बेलहर विधानसभा में एनडीए प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में दिनेश लाल यादव निरहुआ द्वारा की गई जनसभा का बताया गया था.

जांच में हमें निरहुआ की इस सभा से जुड़ी रिपोर्ट ईटीवी भारत की वेबसाइट पर 26 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित मिली. इस रिपोर्ट में बताया गया था कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बेलहर विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में भोजपुरी सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने चुनाव प्रचार किया था. प्रखंड मुख्यालय स्थित झामा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में निरहुआ के साथ तत्कालीन भाजपा सांसद रामकृपाल यादव भी पहुंचे थे. हालांकि, इस रिपोर्ट में कुर्सी टूटने का ज़िक्र नहीं था.

हमने तस्वीर में मौजूद साउंड बॉक्स पर लिखे मां शोभा डीजे बेलहर से संपर्क किया. बातचीत के दौरान डीजे संचालक मंटू कुमार ने इस तस्वीर के पीछे की पूरी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि 2020 में बेलहर विधानसभा के लिए वोटिंग से कुछ दिन पहले ही निरहुआ, मनोज यादव के पक्ष में प्रचार करने आए थे. झामा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में साउंड बॉक्स और कुर्सियों सहित अन्य इंतजाम उन्होंने ही किया था.
आगे उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में निरहुआ कुछ देर से पहुंचे थे और लोग इससे नाराज थे. इसके अलावा कार्यक्रम में कुछ अन्य तत्व भी मौजूद थे. उन्हीं लोगों ने उनकी ये कुर्सियां तोड़ी थीं.
Conclusion
हमारी जांच में मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट है कि बिहार में भाजपा की रैली में लोगों द्वारा गुस्से में आकर कुर्सियां तोड़े जाने के दावे से वायरल यह तस्वीर हालिया नहीं है, बल्कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान की है.
Our Sources
Image available in Facebook Posts from 26th Oct 2020
Telephonic Conversation with Mantu Kumar (Tent House owner)
फैक्ट-चेक और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारा WhatsApp चैनल फॉलो करें: https://whatsapp.com/channel/0029Va23tYwLtOj7zEWzmC1Z