Newchecker.in is an independent fact-checking initiative of NC Media Networks Pvt. Ltd. We welcome our readers to send us claims to fact check. If you believe a story or statement deserves a fact check, or an error has been made with a published fact check
Contact Us: checkthis@newschecker.in
Fact Check
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनते ही खरीदी 50 लाख की कार।
दिल्ली सरकार द्वारा यह कार साल 2022 में खरीदी गई थी।
सोशल मीडिया पर काले रंग की एक कार का वीडियो इस दावे के साथ वायरल है कि रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनते ही 50 लाख की कार खरीद ली है।
22 फरवरी 2025 के एक्स पोस्ट (आर्काइव) में एक काले रंग की एमजी कंपनी की गाड़ी पर GOVT. OF DELHI (दिल्ली सरकार) लिखा नजर आ रहा है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली : C M बनने के 48 घंटे के भीतर 50 लाख की कार।” इस दावे के साथ किये गए अन्य पोस्ट यहाँ और यहाँ देखें।

पढ़ें: वीडियो में डांस करती यह महिला दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नहीं हैं
Fact Check/Verification
वायरल वीडियो पर IANS wire service का लोगो लगा हुआ है। जांच की शुरुआत में हमने वीडियो को IANS के सोशल मीडिया हैंडल्स पर खंगाला। इस दौरान यह वीडियो हमें IANS के एक्स अकाउंट पर 20 फरवरी 2025 के एक पोस्ट में नजर आया। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, (अनुवादित)“दिल्ली: आधिकारिक कार्यवाही के लिए रेखा गुप्ता को ले जाने के लिए सीएम सुरक्षाकर्मी पहुंचे।” ज्ञात हो कि 20 फरवरी के दिन ही दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ली थी। इससे यह स्पष्ट है कि यह गाड़ी रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं ली गई है।

जांच में आगे हमने DL11CM0001 नंबर लिखी इस गाड़ी को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। इस दौरान यह गाड़ी हमें 16 अप्रैल 2023 को टाइम्स ऑफ़ इंडिया द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में नजर आई। उस दौरान दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति घोटाला मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई के समक्ष पेश हुए थे। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के वीडियो में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वायरल वीडियो में नजर आ रही ‘DL11CM0001’ नंबर की एमजी ग्लॉस्टर की गाड़ी का ही इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि वायरल क्लिप में नजर आ रही गाड़ी, पहले से ही दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी।

अब हमने इस गाड़ी से जुड़ी जानकारी rtovehicleinformation.com पर खोजी। यहाँ दी गई जानकारी में बताया गया है कि इस गाड़ी का रजिस्ट्रेशन 22 अप्रैल 2022 को हुआ था।

20 फरवरी 2025 को एनडीटीवी के एक्स पोस्ट में भी बताया गया है कि इस गाड़ी का इस्तेमाल दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी कर चुके हैं और अब यह गाड़ी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा इस्तेमाल की जाएगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2022 में दिल्ली सरकार ने अपने मंत्रियों के लिए 1.44 करोड़ की गाड़ियां खरीदी थीं, जिनमें यह गाड़ी भी शामिल थी।
लेख लिखे जाने तक हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जहां इस बात का जिक्र हो कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने लग्ज़री कार खरीदी है।

पढ़ें: महाराष्ट्र के पुणे में हुई दो साल पुरानी घटना का वीडियो यूपी का बताकर वायरल
Conclusion
जांच से हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि वायरल वीडियो में नजर आ रही कार रेखा गुप्ता के दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं खरीदी गई है। यह गाड़ी साल 2022 में खरीदी गई थी।
Sources
X post by IANS on 20th February 2025.
Report published by Times of India on 16th April 2023.
X post by NDTV on 20th February 2025.
www.rtovehicleinformation.com
Runjay Kumar
November 15, 2025
Raushan Thakur
November 10, 2025
Runjay Kumar
October 29, 2025