15 फरवरी, 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में अभी तक 18 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। विपक्ष द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें प्रेस से बातचीत करते समय रेल मंत्री रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद, रेल मंत्री के भावुक होने का बताकर शेयर किया जा रहा है।
10 सेकंड के वीडियो में अश्विनी वैष्णव यह कहते हुए सुने जा रहे हैं, “…जो मेंबर्स खो गए हैं… वे जल्द से जल्द उनके परिवार के पास पहुँचें… यह हमारा दायित्व है… हमारा दायित्व अभी ख़त्म नहीं हुआ है…” पोस्ट (आर्काइव) के कैप्शन में लिखा गया है, “नई दिल्ली स्टेशन पर मची भगदड़ में यात्रियों की मौत पर दुःखी हुए रेल मंत्री।” ऐसे अन्य पोस्ट यहां देखें।

पढ़ें: रोते हुए रणवीर इलाहाबादिया का चार साल पुराना वीडियो हालिया विवाद से जोड़कर वायरल
Fact Check/Verification
जांच की शुरुआत में हमने गूगल पर “अश्विनी वैष्णव” और “इमोशनल” जैसे की-वर्ड्स को सर्च किया। इस दौरान हमें 5 जून, 2023 को ANI के यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो मिल गया। इस वीडियो रिपोर्ट में बताया गया है कि (अनुवादित) “4 जून को घटनास्थल पर जाकर रेल यातायात बहाली का जायजा लेने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भावुक हो गए। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लापता व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों को जल्द से जल्द ढूंढा जाए और इसलिए उनकी जिम्मेदारी अभी खत्म नहीं हुई है।”

जांच में आगे हमने पाया कि जून 2023 में इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर भी यह फुटेज अपलोड किया गया था। यहाँ भी बताया गया है कि अश्विनी वैष्णव ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के बारे में बोलते हुए भावुक हो गए। हिंदुस्तान टाइम्स और न्यूज़ 18 द्वारा भी इस वीडियो को ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के सन्दर्भ में ही शेयर किया गया था।

Conclusion
जांच से हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि 2023 में ओडिशा ट्रेन दुर्घटना पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के भावुक होने का पुराना वीडियो, हाल ही में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
Sources
YouTube Video By ANI, Dated June 5, 2023
YouTube Video By India Today, Dated June 5, 2023